एटा। नगर निकाय चुनाव की तैयारी में राजनीतिक पार्टियां जुट गई है। चेयरमैन का टिकट हासिल करने के लिए नेताओं ने जोर लगाना शुरू कर दिया है। टिकट को लेकर शहर में 30 से अधिक नेताओं के नामों की चर्चा चल रही है। इनमें बिल्डर, एडवोकेट, समाजसेवी, स्कूल संचालक, उद्योगपति, व्यापारी समेत कई राजनीतिज्ञ भी शामिल हैं। निकाय चुनाव की तिथि की अभी घोषणा नहीं हुई है। चेयरमैन पद किस श्रेणी के लिए आरक्षित होगा, यह कहना अभी मुश्किल है। आलम यह है कि ज्यादातर लोग चेयरमैन पद का आरक्षण सामान्य श्रेणी में मानकर टिकट के लिए प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा में लखनऊ तक परिक्रमा
निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी कोई पत्ता नहीं खोला है। जबकि दावेदारों ने लखनऊ परिक्रमा शुरू कर दी है। चेयरमैन के लिए पार्टी में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। आलम यह है कि दावेदार प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल तक पहुंचने की जुगत लगा रहे हैं।
सपा मेें भी लंबी कतार
समाजवादी पार्टी में भी निकाय चुनाव के दावेदाराें की लंबी कतार है। पार्टी ने अप्रैल में ही दावेदारों से आवेदन मांग लिए थे। यहां भी दावेदार लखनऊ दौड़ रहे हैं। वहीं कुछ दावेदार विधान सभा चुनाव मेें पार्र्टी के लिए दिए गए योगदान को जताकर टिकट मांगने का प्रयास कर रहे हैं।
बसपा हो रही चुनाव को तैयार
निकाय चुनाव में पहली बार सिंबल पर उतर रही बसपा भी तैयारी में जुटी है। निकायवार सम्मेलन आयोजित करके दावेदारों का कद मापा जा रहा है। इसके बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी चल रही है।
निर्दलीय भी कस रहे कमर
निर्दलीय भी निकाय चुनाव में अपना दावेदारी की तैयारी पूरे जोर शोर से कर रहे हैं। जनता के बीच जाकर लोगों का मन जीता जा रहा है। इन दिनों निर्दलीय दावेदार कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि की भूमिका में जाकर अपने लिए जमीन तैयार करने में जुटे हैं।
इन नामों की भी चर्चा
राकेश गांधी, मेधाव्रत शास्त्री, पंकज गुप्ता, प्रदीप भामाशाह, प्रशांत गुप्ता पीजी, सुजीत देव वार्ष्णेय, मनोज पचौरी, राकेश गुप्ता, सुनील यादव, शराफत हुसैन काले, जहीर अहमद, संदीप जैन, राकेश गुप्ता नमकीन।