फिरोजाबाद। शिक्षामित्रों ने प्रदेश आह्वान पर आंदोलन खत्म कर दिया, लेकिन काली पट्टी बांधकर स्कूलों में शिक्षण कार्य किया। कुछ स्कूलों में शिक्षामित्र पहुंचे, लेकिन पढ़ाई का माहौल नहीं दिखा। वहीं, एटा में शिक्षामित्रों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की गई।
जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन के बाद शिक्षामित्रों की समस्या का हल नहीं निकला तो अब अगला चरण दिल्ली जंतर-मंतर में आंदोलन का है। रविवार की शाम धरना प्रदर्शन के लिए बसों से शिक्षामित्र निकलेंगे। 11 सितंबर को जंतर-मंतर पर प्रदेश के शिक्षामित्रों का धरना प्रदर्शन चलेगा। प्राथमिक विद्यालय जेंदामई में शिक्षामित्र धर्मेंद्र कुशवाह काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य कराते मिले।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय आर्यनगर कन्या एवं बालक में अलग-अलग शिक्षामित्र तैनात हैं, लेकिन कक्षाओं में बच्चे अलग-अलग बैठे थे। जिलाध्यक्ष श्रीओम यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों की लड़ाई खत्म नहीं हुई है। जिले से शिक्षामित्र दिल्ली के लिए रवाना होंगे।