वृंदावन (मथुरा)। ऑल इंडिया मैजिक कनवेंशन के तहत आयोजित मैजिक करिश्मा-2017 का शुभारंभ शनिवार को फोगला आश्रम में किया गया। इस समारोह में देश भर से आए जादूगरों ने अपना करिश्मा दिखाया।
जादूगर सीपी यादव ने बताया कि इस कनवेंशन का उद्देश्य जादू की विधा में नए-नए प्रयोगों और खोजों को लेकर आपस में चर्चा करना और एक दूसरे से कला की बारीकियों को समझना है। उन्होंने बताया कि इससे जादू की विधा को और अधिक रोचक बनाकर आम आदमी के बीच लाने में सफलता मिलेगी।
इस मौके पर हरियाणा के जादूगर डीके गुप्ता और महाराष्ट्र से महिला जादूगर मधुगंधा इंद्रजीत ने अपना हुनर दिखाया। तुषार गुप्त, तेलंगाना के जादूगर बीएनएस कुमार, उत्तर प्रदेश के जादूगर ओपी शर्मा, शिवकुमार, ऑल इंडिया मैजिक अकादमी के फाउंडर प्रेसीडेंट प्रोफेसर जयशंकर, गोवा के जादूगर राम और फाकिल, गोवा के शिवानंद बीएम और गाजियाबाद के डीपी आजाद ने भी करिश्मा दिखा कर एक दूसरे से अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर जादूगर राजसमंद, एसएल साहू, पीसी आनंद, सीएच श्याम, वीवी रमन्ना, चंद्रदेव व एलीजा ने भी कला का प्रदर्शन किया।