मथुरा। राजस्थान, हरियाणा और यूपी के जिलों में वाहन चोरी करके पुलिस के लिए चुनौती बना रोहताश गैंग कृष्णानगर एवं स्वाट टीम के हत्थे चढ़ गया है। अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग से नौ बाइकें, एक स्कार्पियो और हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस की मानें तो तीन राज्यों से बाइकों को चुराने के बाद यह गैंग थाना बरसाना के गांव हाथिया में चार से पांच हजार रुपये में बेच देता था। खरीदने वाला इन बाइकों को काटकर मेरठ और आसपास के जनपदों में बेच देता था। एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने रोहताश गैंग पकड़ा है।
पकड़े गए गांव कराहरी निवासी रोहताश (मुखिया) एवं महेंद्र, थाना हाईवे के गांव अमरा के जीतू, थाना बरसाना के गांव हाथिया निवासी अरशद एवं अशरफ हैं। अरशद कुख्यात साहून का भाई है। साहून ने आगरा एसओजी के सिपाही सतीश परिहार की गोली मारकर हत्या की थी। गैंग के पकड़े जाने पर एसएसपी नितिन तिवारी ने टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।
तीन चोरों की खंगाली जा रही हिस्ट्री
सीओ सिटी राकेश वशिष्ठ ने बताया कि पकड़े गए रोहताश, अरशद और अशरफ पर जनपद के कई थानों में बलात्कार, लूट एवं चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस मामलों की जानकारी जुटा रही है।