लोहे के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से बसुंधरा निवासी अनुष्का उर्फ नेहा (12) पुत्री प्रताप सिंह की मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने सोमवार सुबह एटा-टूंडला मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया। वह लोहे के खंभे और जर्जर तार बदलवाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर पहुंचे एसडीएम संजीव कुमार और बिजली विभाग के अधिकारियों के आश्वासन देने पर करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। इतनी देर में मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंगी कतार लग गई।
थाना अवागढ़ के कस्बा बसुंधरा निवासी अनुष्का उर्फ नेहा पुत्री प्रताप सिंह खेत से लौैटते समय घर के सामने लगे बिजली के लोहे के खंभे से छू गई। उसमें दौड़ रहे करंट के कारण उसकी मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणाें ने एटा-टूंडला मार्ग पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन
सूचना पर अवागढ़ पुलिस पहुंच गई और जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित लोगों ने एक नहीं सुनी। जानकारी पर एसडीएम सदर और बिजली विभाग के अधिकारी और आसपास के थानों की पुलिस लेकर पहुंचे। खंभे और तार बदलवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। कस्बा बसुंधरा में खंभे में करंट आने से पहले कई पशु मर चुके हैं।
----
जाम लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
एटा। तीन घंटे तक मार्ग पर जाम कर यातायात बाधित रखने वाले लोगाें के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करने की बात कह रही है। थानाध्यक्ष अवागढ़ केके मिश्रा ने बताया कि कुछ नामजद सहित अज्ञात लोगाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।