शिकोहाबाद। रुकनपुर में एक दबंग युवक ने अपने भाई के साथ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इसके बाद आसपास की दो दुकानों में रखी नगदी लूट ली और दुकान में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। घटना से मोहल्ले में आक्रोश व्याप्त हो गया। आसपास के लोग एकत्रित होकर पीड़ित को लेकर थाने आए और तहरीर दी।
मोहम्मद रसीद पुत्र नूर मोहम्मद और ग्यास पुत्र मोहम्मद युसूफ निवासी लाला की सराय रुकनपुर की मोहल्ले में ही दुकान है। सायं सात बजे के करीब जब उसका पुत्र मोहम्मद शानू दुकान पर बैठा था तभी मुकीम उर्फ गेढुल्ला निवासी मोहल्ला पड़ाव अपने भाई के साथ दुकान पर आया और आते ही गाली गलौज करने लगा।
गेढ़ुल्ला हाथ में तमंचा लहरा रहा था। जब शानू ने विरोध किया तो उसने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जिसमें शानू बाल.बाल बच गया। ग्यास ने बताया गैढुल्ला उसकी दुकान से आठ हजार रुपये नगद निकाल कर ले गया। इतना ही नहीं दुकान में तोड़फोड़ भी की। इसके बाद दोनों ने पडोसी दुकानदार मोहम्मद रसीद पुत्र नूर मोहम्मद की दुकान पर पहुंच कर गुल्लक में रखे 12 हजार रुपये लूट लिए। जब उसने विरोध किया तो फायरिंग कर दी। फायरिंग कर लूटपाट की घटना से मोहल्ला में सनसनी फैल गई। दबंग के चले जाने के बाद मोहल्ले के लोग एकत्रित हुए और थाने पहुंचे। पीड़ित दोनों युवकों ने संयुक्त रूप से थाने में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं रात आठ बजे कुछ युवक तीन युवकों का पीछा करते हुए आ रहे थे। युवकों ने गंगा नगर निवासी बनवारीलाल के घर में घुस कर जान बचाई। जैसे ही युवक घर में घुसेए पीछा करते आ रहे युवकों ने दुकान पर फायरिंग कर दी और ईंट पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। शोरगुल सुन मोहल्ले के लोग एकत्रित हुए तो युवक भाग गए। युवकों ने बताया एटा चौराहे से आठ युवकों ने उनका पीछा किया और फायरिंग की। घटना से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई है। इस संबंध में अभी थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई है। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी करने में जुटी है।