मैनपुरी। थाना एलाऊ के मंछना क्षेत्र में चोरों ने बिजली के तार काट लिए। तार कटते ही हुए फाल्ट के बाद क्षेत्र के 125 गांवों में अंधेरा छा गया। जानकारी होने पर पहुंचे अवर अभियंता ने थाना एलाऊ पहुंचकर तारकटों के खिलाफ तहरीर दी है। शुक्रवार की देर शाम तक संबंधित गांवों की बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो सकी है।
गुरुवार की रात मंछना क्षेत्र में तार चोरों ने रात में 33 केवी लाइन के तार काट लिए। तार कटते ही क्षेत्र के 125 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तार चोरों ने तारों में फंदा बनाकर फाल्ट करके पांच खंभों के बीच के तार काट दिए। तार कटते ही संबंधित गांवों में अंधेरा छा गया। ग्रामीणों की शिकायत पर अवर अभियंता अमित यादव ने रात में ही तार काटे जाने की सूचना थानाध्यक्ष एलाऊ को दी। पुलिस तथा अवर अभियंता मौके पर पहुंचे तब पता चला कि चोरों ने पांच खंभों के बीच के तार काटे हैं। काटे गए तारों को चोर ले गए हैं। जिन गांवों में तार काटे जाने से आपूर्ति प्रभावित हुई वहां शुक्रवार की देर शाम तक आपूर्ति चालू नहीं हो सकी थी। अवर अभियंता ने बताया तार जोड़कर आपूर्ति चालू करने के लिए कर्मचारी जुटे हुए हैं। शीघ्र ही आपूर्ति चालू कर दी जाएगी। जबकि पावर हाउस में तार कटी के बाद पैनल बदलने का काम दिन भर चलता रहा।
बिल सही कराने में हो रही परेशानी
नगर पंचायत ज्योंती खुड़िया के बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के बिल की कमियों में सुधार के लिए 40 किलोमीटर दूर करहल जाना पड़ता है। श्रवण कुमार का कहना है पहले समाधान मैनपुरी में होता था अब करहल जाना पड़ता है।
समाधान का काम मैनपुरी अथवा ज्योंती फीडर पर कराया जाए। उपभोक्ता पंकज पाठक, अरविंद कुमार, प्रदीप कुमार, श्रवण कुमार, धर्मेंद्र सिंह, रजत कुमार, शिवम कुमार, विकास, मुकेश, मनोज आदि ने अधिशासी अभियंता से करहल की जगह ज्योंती अथवा मैनपुरी में ही बिल सही कराने की मांग की है।