चार साल पहले युवक को धोखे से साथ ले जाकर मंगलामुखी बनाने और दूसरे मंगलामुखी द्वारा नाम बदलकर शादी करने का मामला सामने आया है। चार साल तक पुलिस के चक्कर लगाने के बाद सुनवाई नहीं होने पर युवक की शिकायत पर एसीजेएम ने एटा के एक मंगलामुखी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच करने के आदेश कुरावली पुलिस को दिए हैं।
कुरावली के मोहल्ला फर्दखाना निवासी रजनी देवी गुप्ता का आरोप है 19 दिसंबर 2012 की सुबह नौ बजे सौरभ मिश्रा, नंदनी मंगलामुखी, अजय कुमार निवासी मोहल्ला न्यू रेवाड़ी, छोटेलाल उर्फ नेत्रपाल लोधी निवासी नगला डुंडा थाना कोतवाली देहात जिला एटा उसके घर आए। उसके पुत्र मोहित को सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर एक लाख रुपया तथा शैक्षणिक अभिलेखों सहित साथ ले गए। मोहित को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसका आपरेशन कराने के बाद मंगलामुखी बना दिया।
बाद में सौरभ ने अपना नाम लव मिश्रा तथा मोहित का नाम मोहिनी रखकर 22 अप्रैल 2016 को शादी कर ली। जिसके बाद से सौरभ उसके पुत्र को पत्नी बनाकर अपने साथ रख रहा है। जानकारी होने पर जब रजनी ने विरोध किया तो आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस में लगातार शिकायत करने पर सुनवाई नहीं हुई। रजनी ने अधिवक्ता वेदप्रकाश यादव के माध्यम से 12 मई को कोर्ट की शरण ली। सुनवाई करने के बाद एसीजेएम प्रथम अनिल कुमार सिंह ने कुरावली पुलिस को आदेश दिया कि मामले की गंभीरता देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाए।
गुंडा टैक्स वसूली का आरोप
मैनपुरी। कोर्ट में की गई शिकायत में रजनी ने आरोप लगाया है कि मंगलामुखियों का हर जगह आतंक है। शादी, पुत्र जन्म के साथ ही विभिन्न त्योहारों पर घरों और दुकानों पर जाकर जबरन रुपये, सोना, चांदी के साथ ही मंहगे कपड़ों के रूप में गुंडा टैक्स की वसूली करते हैं। मंगलामुखियों के सामने पुलिस खुद को असहाय महसूस करती है।