कासगंज। शहर की गली लोधियान में पति की शराब पीकर झगड़ा करने की आदत से परेशान एक पत्नी ने अपने पति पर चाकू से प्रहार कर दिया, जिससे पति के सीने में दिल के पास जख्म हो गया। उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया।
संदीप पुत्र चूरामल निवासी गली लोधियान सफाई कर्मी है। वह रायपुर पटना में तैनात है। बताया जाता है कि वह शराब पीकर अक्सर झगड़ा करता रहता है। जिससे उसकी पत्नी काफी परेशान रहती है। शुक्रवार को भी उसने अपनी पत्नी से झगड़ा किया। जिससे पत्नी को गुस्सा आ गया। उसने अपने पति पर घर में सब्जी आदि काटने के प्रयोग में आने वाले चाकू से प्रहार कर दिया। चाकू उसके दिल के पास जाकर लगा और खून निकल आया। उसकी चीख पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग आ गए। उसे अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस इस मामले को हादसा मानकर चल रही है। कोतवाली प्रभारी दिनेश बाबू दुवे ने बताया कि सीढ़ियों से पैर फिसल कर गिर जाने से उसके सीने में कोई नुकीली चीज घुस गई, जिससे वह घायल हो गया। चाकू प्रहार जैसा कोई मामला नहीं है।