मथुरा। गोवर्धन में गिरिराज पर्वत की परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं की अब गणना की जाएगी। यह काम सॉफ्टवेयर की मदद से कैमरे करेंगे। इसके लिए सोमवार को गाजियाबाद से इंजीनियरों की टीम गोवर्धन पहुंची। यहां टीम ने ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अधिकारियों के साथ परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
गोवर्धन परिक्रमा को आने वालों का अब तक कोई अधिकृत आंकड़ा प्रशासन के पास नहीं है। मुड़िया पूर्णिमा सहित विभिन्न पर्वों पर परिक्रमा को गोवर्धन आने वाले श्रद्धालुओं का सिर्फ अनुमान ही लगाया जाता है।
इसके आधार पर परिक्रमार्थियों के लिए जनसुविधाओं की व्यवस्थाएं होती हैं, लेकिन इस आंकड़े को पुष्ट करने के लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने दो माह पहले सॉफ्टवेयर कंपनी की मदद लेने का फैसला किया था।
चुनावी व्यस्तता के बाद अब इस फैसले पर अमल की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को गाजियाबाद से आई इंजीनियरों की टीम ने गोवर्धन पहुंचकर आंकलन किया कि कहां-कहां कैमरे लगाने से परिक्रमार्थियों की गिनती संभव हो सकेगी।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेंद्र प्रताप ने बताया कि परिक्रमाथियों की गणना होने के बाद आवश्यकता के अनुरूप परिक्रमा मार्ग में सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इसके लिए कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो साफ्टवेयर की मदद से परिक्रमा मार्ग में जाने वालों की गणना करेंगे।