फरह (मथुरा)। रेट जो भी हों लेकिन आलू की बंपर पैदावार देख किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। फरह ब्लाक के गांवों के किसानों के एक एक बीघा में 100 क्विंटल से अधिक आलू पैदा हो रहा है। इस बार भले ही आलू को कम रकबे में बोया गया था लेकिन हाईब्रिड किस्म ने खेतों में बंपर आलू पैदा कर दिया है। इससे कम रकबा होने के बाद भी आलू की कमी महसूस नहीं हो रही है।
महुअन के किसान अमरपाल, शिव सिंह, रामरूप, दर्शन सिंह आदि ने बताया कि इस बार आलू की बंपर पैदावार हुई है। एक बीघा में 200 बोरा आलू निकले हैं, इसकी उम्मीद उनको खुद न थी। सनौरा, बेरी और नगला चंद्रभान के किसानों ने बताया कि इस बार पैदावार में इजाफा हुआ है, हालांकि अभी आलू मंडी में तीन से चार रुपये प्रति किलो में जा रहा है।
लेकिन किसान को उम्मीद है कि आलू का रेट निश्चित रूप से बढ़ेगा। तर्क यह भी दिया जा रहा है कि चुनाव बाद महंगाई बढ़ेगी, उस समय वे अपना आलू सेल करेंगे। इसी उम्मीद में बहरहाल यहां के अधिकांश किसानों ने आलू को कोल्ड स्टोरों में जमा करा दिया है।
इस बार गांव में नहीं पहुंच रहे आलू व्यापारी
इस बार आलू व्यापारी खेतों तक आलू की खरीद के लिए नहीं पहुंच रहा है, इससे किसानों के माथे पर चिंता के बल पड़ रहे हैं। इसी वजह से उनको अपनी आलू की पैदावार या तो मंडी में ले जा कर हाथों हाथ बेचनी पड़ रही है या फिर कोल्ड स्टोरों में आलू जमा कराना पड़ रहा है।