सरावल, दरियावगंज, सनौड़ी और नरदौली बनेंगी नगरपंचायत, शासन ने मांगी आख्या
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज। पटियाली तहसील क्षेत्र की चार बड़ी ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग उठने लगी हैं। पटियाली के विधायक ममतेश शाक्य ने मुख्यमंत्री को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग उठाई। इस पर शासन ने जिलाधिकारी आरपी सिंह से आख्या मांगी है।
पटियाली विधानसभा क्षेत्र में सरावल, दरियावगंज, सनौड़ीखास एवं नरदौली बड़ी ग्राम पंचायतें हैं। दरियावगंज में तो पूर्वोत्तर रेलवे का रेलवे स्टेशन काफी समय से है। इन इलाकों में तमाम कारोबारी गतिविधियां हैं, लेकिन ये चारों ही इलाके विकास से काफी दूर हैं। ग्राम पंचायतों के सीमित बजट के कारण इन बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में समुचित विकास नहीं हो पा रहा। विकास से वंचित लोग लगातार इन इलाकों को ग्राम पंचायत बनाने की मांग उठा रहे हैं। विधायक ममतेश शाक्य ने इन चारों स्थानों के लोगों की आवाज बुलंद करते हुए शासन से मांग उठाई तो शासन भी सक्रिय हो गया। शासन ने जिलाधिकारी से आख्या मांगी है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पटियाली को निर्देशित किया कि प्रस्तावित ग्राम पंचायतों की जांच कराते हुए इन ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत बनाए जाने का प्रस्ताव पारित करके आख्या दें।
- 2011 की जनगणना के अनुसार ग्राम पंचायतों की आबादी
सरावल- 9328
दरियावगंज- 12998
सनौड़ी- 8331
नरदौली- 6713
शासन ने पटियाली की चार ग्राम पंचायतों को नगर पंचायत बनाने के लिए रिपोर्ट मांगी है। इस संबंध में एसडीएम पटियाली को रिपोर्ट तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है। रिपोर्ट मिलते ही शासन को आख्या भेज दी जाएगी। आरपी सिंह, जिलाधिकारी।
समुचित विकास न हो पाने से चार ग्राम पंचायतों को नगरपंचायत का दर्जा देने के संबंध में शासन से अनुरोध किया गया है। शासन ने इस संबंध में जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। ग्राम पंचायतों को नगर पंचायतों का दर्जा मिलने पर बेहतर विकास होगा। ममतेश शाक्य, विधायक पटियाली।