राया (मथुरा)। शनिवार की सायं राया में अलीगढ़ का कारोबारी लुट गया। शादी में शामिल होने राया आ रहे कारोबारी की कार को बदमाशों ने तेल टपकने का झांसा देकर रुकवाया और पिछली सीट पर रखा एक लाख की नकदी से भरा बैग लेकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अलीगढ़ के गांव स्यारौल निवासी सुनील चौधरी पुत्र बच्चू सिंह की इंदौर में खाद और बीज की फैक्ट्री है। शनिवार को व्यापारी भाई लवकुश चौधरी के साथ फुफेरे भाई की शादी में भाग लेने के लिए राया के गांव अयेरा आ रहा था। कार सवार दोनों भाई राया कस्बे में पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो युवकों ने कार के बोनट से तेल निकलने का इशारा किया।
कार को किनारे खड़ा करके दोनों भाई बोनट को खोलकर देखने लग गए। कहीं से तेल न निकलने पर दोनों भाई बोनट को बंद करके कार में बैठे तो बदमाश पिछली सीट पर रहे नकदी भरे बैग लेकर भाग गए। कैश गायब होने का हल्ला मचा तो आसपास के लोगों की भीड़ भी जुट गई।
सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई थी। व्यापारी ने थाना राया में तहरीर दी है, पर रविवार की शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं हो सका था। थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।