फिरोजाबाद। थाना उत्तर कोटला रोड लोधीपुरम स्थित मूंग फली के गोदाम में सोमवार देर रात आग लग गई। आग से कई क्विंटल मूंगफली, चना एवं मटर आग की भेंट चढ़ गई। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कोटला रोड लोधीपुरम निवासी संतोष कुमार मूंगफली के साथ चना एवं मटर भूनकर उसकी बिक्री करते हैं। इसका गोदाम उसने ही कोटला रोड लोधीपुरम में बना रखा था। गोदाम के पास यहां मूंगफली और चना की भुनाई का काम चलता है।
सोमवार रात करीब 11 बजे अचानक मूंगफली गोदाम में आग लग गई। सूचना मिलते ही गोदाम संचालक के साथ ही स्टाफ आग बुझाने के लिए दौड़ पड़ा। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। तीन गाड़ियों के साथ शिकोहाबाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर बुला लिया था।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इसमें करीब ढाई लाख की हानि की संभावना है। एफएसओ लाखन सिंह ने कहा कि मूंगफली के गोदाम में शार्टसर्किट से ही आग लगने की संभावना है। करंट आने के कारण मौके पर काफी देर तक रुके रहे। तारों को हटवाने के बाद ही वापस लौटे थे।