मथुरा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिकायत मिलने पर गोवर्धन में एक क्लीनिक व सौंख में एक पैथोलॉजी को सील कर दिया है। क्लीनिक में चार बेड का अस्पताल चल रहा था, इतना ही नहीं यहां चिकित्सकों द्वारा ऑपरेशन से महिलाओं का प्रसव भी कराया गया था
एसीएमओ डा. पीके गुप्ता ने सोमवार को गोवर्धन ब्लॉक के सामने चल रहे जीवन हॉस्पीटल पर छापा मारा। संचालक गोविन्द सिंह मौके पर नहीं मिले, लेकिन पता चला कि दो दिन पूर्व डॉ. थान सिंह ने इसी अस्पताल में ऑपरेशन से महिला का प्रसव कराया था। नवजात को ऊपर का दूध भी पिलाया गया था।
इसके बाद तत्काल प्रसूता व नवजात को सीएचसी में भर्ती कराया गया। क्लीनिक में चार बेड का अस्पताल चल रहा था, साथ ही मेडिकल स्टोर, ऑपरेशन थियेटर जैसी तमाम सुविधाएं वहां पाई र्गइं। क्लीनिक को सील कर दिया गया।
वहीं, उन्होंने सौंख में बिना रजिस्ट्रेशन चल रही श्रीराम पैथोलॉजी को भी सील कर दिया। इसकी शिकायत स्थानीय व्यक्ति द्वारा पोर्टल पर की गई थी। टीम को यहां माइक्रोस्कोप व अन्य उपकरण मिले। टीम में प्रशासनिक अधिकारी अनुज यादव, मुकेश वार्ष्णेय आदि मौजूद रहे।