मथुरा। राधारानी की ननिहाल रावल में वृषभानु नंदिनी के जन्मोत्सव की धूम मचने लगी है। रविवार शाम को राधारानी की छठी पूजकर प्रकटोत्सव की विधिवत शुरूआत हो चुकी है। सोमवार सुबह लाडली का जन्म होगा, अभिषेक के दर्शन के हजारों भक्त साक्षी बनेंगे।
रविवार को राधारानी की छठी उत्सव का आयोजन हुआ। भक्तों को 101 किलो लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया गया। व्यवस्थापक पं. राहुल कल्ला ने बताया कि सोमवार सुबह साढ़े चार बजे मंगला आरती व पांच बजे जन्मोत्सव के दर्शन होंगे। इसके बाद 5:30 बजे से 6:30 बजे तक सवा सौ किलो दूध, दही, घी, शहद व बूरे से राधाकृष्ण की युगल छवि का महाभिषेक किया जाएगा। साढ़े 6:30 से 8:30 बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे।
इस दौरान श्रीजी का शृंगार होगा। बाल भोग में लाडली को माखन मिश्री, दूध का भोग लगाया जाएगा। शृंगार के दर्शन 8:30 पर खुलेंगे और आरती होगी।
बताया कि दोपहर 12 बजे राजभोग में दल खीर-पूरी, सब्जी आदि का भोग लगेगा। इसी दौरान महावन स्थित गौड़ीय मठ से मधुसूदन महाराज के नेतृत्व में चाव आएगी। कीर्तन मंडली भजन प्रस्तुत करेगी।
शाम छह बजे संध्या आरती व रात्रि 9:30 बजे शयन आरती होगी। अभिषेक में मुखिया ललित मोहन कल्ला, जगमोहन कल्ला, सांगरिया बाबा गोकुल आदि मौजूद रहेंगे। 18 सितंबर को प्रात: 11 बजे बधाई महोत्सव होगा, जिसमें चित्र-विचित्र, रसिका पागल, मोहिनी शरण, चंद्रकला दीदी, विष्णु बाबरा, आरती, सौरभ मधुकर आदि प्रस्तुति देंगे। 11 बजे बधाई लुटाई जाएगी। शाम छह बजे मथुरा से श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल द्वारा चाव लाई जाएगी।