कोसीकलां (मथुरा)। चार साल से लापता बेटा बुधवार को मिला तो उसकी मां उसे गले लगाकर रो पड़ी। 30 जुलाई 2014 में जनसा, वाराणसी में रहने वाला 25 साल का हैदर घर से लापता हो गया था। बीमार हैदर बठैन गेट पर असहाय अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंचे अपना घर आश्रम के पदाधिकारी उसे उठा कर आश्रम ले गए थे। आश्रम में उपचार के बाद जब वह कुछ ठीक हुआ तो वह अपना आधा-अधूरा पता ही आश्रम के पदाधिकारियों को बता सका। पदाधिकारियों ने 6 सितंबर 2018 को संबंधित थाना प्रभारी को युवक की फोटो और नाम आदि भेजा। इसके बाद संबंधित थाने में 30 जुलाई 2014 को युवक के लापता होने का मुकदमा दर्ज होने की बात पता चली। उधर, प्रभारी निरीक्षक ने युवक के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर युवक हैदर के ताऊ हमीदुल्ल, भाई रहमत, मां नसीबुन आश्रम पहुंचे। जैसे ही मां ने अपने बेटे को देखा वह उसे गले लगाकर रो पड़ी। आश्रम के पदाधिकारियों ने पड़ताल के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।