मथुरा। मथुरा-वृंदावन मार्ग पर आकाशवाणी के सामने गुरुवार रात बीयर शॉप के मालिक से मारपीट करकेे 2.40 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात दुकान बंद करके जाते वक्त होना बताया जा रहा है। पुलिस लूट की वारदात से इंकार करते हुए केवल झगड़ा होना बता रही है।
थाना गोविंदनगर के अर्जुनपुरा निवासी अशोक पटेल की मथुरा-वृंदावन मार्ग पर आकाशवाणी के सामने बीयर शॉप है। गुरुवार रात शॉप को बंद करके बीयर शॉप के मालिक घर जा रहे थे तभी तीन लोगों ने हमला बोल दिया और 2.40 लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों की तलाश की, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।
पुलिस ने बीयर शॉप के मालिक के सिर में लगी चोट पर इलाज कराया। प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह ने बताया कि लूट की वारदात नहीं हुई है। बीयर शॉप के मालिक का झगड़ा जरूर हुआ है। शुक्रवार तक बीयर शॉप के मालिक ने कोई तहरीर नहीं दी।
इसके चलते कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो बीयर शॉप का मालिक और सेल्समैन का दूसरे पक्ष से झगड़ा हो रहा है। यह सीसीटीवी में कैद हुआ है।