अलीगंज (एटा)। जातिवाद और सांप्रदायिकता से दूर अटलजी ने देश को राष्ट्रहित और राजहित का पाठ पढ़ाया। जोशीले हिंदू कार्यकर्ताओं को उन्होंने कई बार हिंदूवादी छवि को लेकर टोका। अलीगंज में शुक्रवार को आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अटलजी के साथ बिताए पलों और संस्मरणों को याद किया गया।
सरस्वती शिशु मंदिर सभागार आहूत शोकसभा में पूर्व चेयरमैन प्रदीप गुप्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी अलीगंज मे गेंदालाल गुप्ता के चुनाव प्रचार में आए थे। पूर्व सांसद डा. महादीपक सिंह के साथ लोकसभा की गैलरी में अटल जी से मिलने का मौका मिला। भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अटलजी से चार-पांच बार मिलने का मौका मिला। पिता गेंदालाल गुप्ता के पटियाली में विधानसभा के उपचुनाव में प्रचार के लिए आए अटलजी की सादगी का हर कोई कायल था। जिला महामंत्री मेघ सिंह शाक्य और नगर विकास समिति के अध्यक्ष सूर्यकांत ने बताया कि गेंदालाल गुप्ता को विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए जब मंच पर नकासे वाले बाग में खड़े थे तो मंच पर खडे़ कार्यकर्ता ने नारा लगाया जो हिंदू की बात करेगा वह देश पर राज करेगा। तब अटलजी ने कार्यकर्ता को रोकते हुए कहा ऐसा नहीं है जो राष्ट्रहित की बात करेगा वह देश पर राज करेगा। उन्होंने हमेशा राष्ट्र के लिए सोचा। लोगों ने अटलजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। व्यापर मंडल के नगर अध्यक्ष रामप्रकाश गुप्ता शरद ने कहा कि अटल जी सन 1973-74 में प्राइमरी पाठशाला परिसर में पहली बार जब आए थे। तब उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरकर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया। श्रद्धांजलि देने वालों मुन्नाबाबू गुप्ता, विनोद आर्य, रामसिंह वर्मा, महेंद्र सिंह चौहान, प्रदीप, राघवेंद्र गुप्ता, अरविंद गुप्ता, विकास गुप्ता सर्र्वेंद्र राजपूत, शिवम गुप्ता आदि मौजूद रहे।