कासगंज। उड़ीसा में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए जिले की ईवीएम भी प्रयोग होंगी। मशीनों की जांच के लिए उड़ीसा के अधिकारियों की टीम गुुरुवार को पहुंच रही है। यह टीम मशीनों की जांच करेगी। इसके बाद मशीनों को उड़ीसा भेज दिया जाएगा।
जनपद में एम 2 मॉडल की 1500 बैलेट यूनिट तथा 1319 कंट्रोल यूनिट हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इन मशीनों को उड़ीसा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए वहां के नयागढ़ भेजने के निर्देश दिए हैं। इन मशीनों के नंबर आदि के मिलान के लिए वहां के अधिकारी एवं कर्मचारियों की एक टीम आएगी। जैसे ही मिलान प्रक्रिया आदि पूरी हो जाएगी मशीनों को यहां से भेज दिया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार ने ईवीएम के नोडल अधिकारी तथा सहायक प्रभारी अधिकारी को सुबह 10 बजे वेयर हाउस पहुंचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्ष या प्रतिनिधि को भी इस मौके पर उपस्थित रहने को कहा है ताकि उनकी मौजूदगी में वेयर हाउस खोलकर उड़ीसा से आने वाले अधिकारियों को मशीन सुपुर्द की जा सके।