मथुरा। शासन की सख्ती के बाद डीएम ने लेखपालों की हड़ताल को लेकर कड़े तेवर अख्तियार कर लिए हैं। राजस्व लेखपालों की हड़ताल को आगामी छह माह के लिए प्रतिबंधित करते हुए एस्मा के तहत कार्रवाई का फैसला किया गया है।
अपर मुख्य सचिव से मिले दिशानिर्देशों के बाद डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि शासन के आदेशों का अनुपालन न करने वाले कर्मियों के खिलाफ एस्मा के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसमें हड़ताल पर जाने वाले लेखपालों के खिलाफ बगैर वारंट निर्गत कराए गिरफ्तारी, निलंबन एवं छह माह की जेल के साथ आर्थिक दंड भी लगेगा।
इस संबंध में उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन आदित्य प्रकाश श्रीवास्तव को निर्देश दिए हैं कि शासन की अधिसूचना का अनुपालन सुनिश्चित कराएं। एडीएम प्रशासन ने लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष को निर्देशित किया है कि शासन की अधिसूचना का पालन करते हुए तत्काल हड़ताल समाप्त कराएं। इधर, हड़ताल पर लेखपालों ने तहसील स्तर पर धरना दिया। आठ सूत्रीय मार्ग पत्र का उल्लेख करते हुए सरकार से उन्हें पूरा करने की मांग की।
लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन कर किया कार्य का बहिष्कार
गोवर्धन। लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर लेखपालों ने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करते हुए काम का बहिष्कार किया। लेखपाल वेतन उच्चीकरण, वेतन विसंगति, पेंशन विसंगति, प्रोन्नति आदि मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता राधाकृष्ण शर्मा ने व संचालन वीरपाल सिंह ने किया। अरविंद कुमार शर्मा, भगवान सहाय, गौरी शंकर शर्मा, जगन्नाथ भारद्वाज, प्रेम सिंह, हरिओम गौतम, पवन कुमार आदि थे।