नौहझील (मथुरा)। पुलिस ने मोरकी इंटर कालेज के पीछे से तार चोर गैंग के नौ सदस्यों को पकड़ लिया। एक चोर पुलिस को गच्चा देकर भाग निकला। यह गैंग बिजली की चालू लाइन और बंद लाइन से तारों को चुराता था। इनके कब्जे से चार लाख रुपये के तार, ट्रक और विद्युत चुराने में प्रयोग औजार बरामद किए हैं।
लगातार विद्युत लाइनों से हो रही तार चोरी पर लगाम लगाने के लिए एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस को निर्देश दिए थे। एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार और स्वाट टीम प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने नौ चोरों को पकड़ा है।
इनके कब्जे से एक ट्रक, एल्युमिनियम के तारों के 20 बंडल, तार काटने वाली आरी, 10 मोबाइल फोन, एक जोड़ी रबड़ के विद्युत रोधी दस्तानें, एक प्लास्टिक और एक सूत की मोटी रस्सी, हथियार बरामद किए हैं। फरार आगरा के शमशाबाद निवासी बंटी कुमार राठौर की तलाश की जा रही है। गैंग का मुखिया श्याम सिंह है।
तार चुराने वाले यह चढ़े हत्थे
मध्य प्रदेश के कुथियान निवासी श्याम सिंह, जालौन के पतराई निवासी विजय सिंह, आगरा के सिकंदरपुर निवासी जयपाल सिंह, आगरा के सिकंदरपुर निवासी धर्मपाल, मध्य प्रदेश के कुथियान निवासी मोती, मध्य प्रदेश के कुथियान निवासी बबलू, हाथरस के लालगढ़ी निवासी कन्हैया, हाथरस के जारऊ निवासी साहब सिंह, हाथरस के शेरपुर निवासी रंजीत उर्फ अजीत।