फरह (मथुरा)। रविवार की सुबह फरह के परखम चौराहे के पास कार सवार भाजपा नेता के भाई और बेटे ने आगरा ईदगाह डिपो के बस चालक और परिचालक की जमकर धुनाई कर डाली। बस से कार टच होने पर भाजपा नेता के परिवार वालों ने आपा खोया था। बीच-बचाव को आईं सवारियों को भी नहीं बख्शा। थाने पहुंचे चालक और परिचालक की भाजपा नेता ने मजामत कर डाली।
भाजपा के जिलामंत्री अनिल चौधरी के भाई और बेटे कार से आगरा जा रहे थे, तभी परखम चौराहे के पास रोडवेज बस से कार टच हो गई। कार सवारों ने बस के चालक को नीचे सड़क पर खींचकर धुनाई कर डाली। बचाव को आए परिचालक से भी कार सवारों ने मारपीट की। बस के चालक और परिचालक को पिटते देख सवारियां बचाव में आईं तो भाजपाइयों ने उन्हें भी नहीं बख्शा।
भाजपाइयों की खुली गुंडई की सूचना पर पहुंची फरह पुलिस भाजपा नेता के भाई और बेटे को पकड़कर थाने ले आई। थाने पहुंचे भाजपा नेता ने परिचालक की धुनाई कर डाली। प्रभारी निरीक्षक आजाद पाल सिंह ने बताया कि परिचालक हरवेंद्र कुमार पुत्र जयकिशोर की तहरीर पर पुलिस ने महोली रोड निवासी संजय चौधरी और मनु चौधरी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों हिरासत में हैं।
मेरा बेटा और भाई दवाई लेने के लिए जा रहे थे। रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी थी। इससे विवाद हो गया है। कोई मारपीट नहीं की गई है।
- अनिल चौधरी (जिला मंत्री)