एटा। रविवार को यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। इसमें दसवीं में 76.81 प्रतिशत और 12वीं में 72.55 प्रतिशत बच्चे पास हुए जो गत वर्ष की तुलना में डेढ़ गुना अधिक रहा है। गत वर्ष हाईस्कूल का रिजल्ट 60.43 एवं इंटर में 72.55 बच्चे पास हुए थे।
जिले के विद्यार्थियों का बोर्ड परीक्षा में प्रदर्शन इस वर्ष अच्छा रहा। तो वहीं प्रदेश में भी जिले की रेंकिंग ऊपर पहुंची है। गत वर्ष हाईस्कूल में जिला 74 वें नंबर पर रहा था। इस बार दसवीं में 34 वें नंबर पर है। वहीं इंटर में 75 वें नंबर पर था, जो इस बार 49वें स्थान पर आ गया है।
हाईस्कूल परीक्षा में जिले के 47426 आवेदक थे। इनमें 35405 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 27195 सफल रहे। वहीं इंटर मीडिएट में 39618 पंजीकृत थे, जिनमें से 32019 परीक्षा में शामिल हुए। 23229 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है।
परीक्षा परिणाम को लेकर सुबह से ही बच्चों एवं अभिभावकों में उत्सुकता रही। बच्चे मोबाइल लेपटॉप पर विभागीय वेबसाइट खंगालते दिखाई दिए। तो वहीं साइबर कैफे एवं स्कूलों के कंप्यूटर रूम में भी बच्चों की भीड़ दिखाई दी।
बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष भी ग्रामीण अंचल का बोलबाला रहा। हाईस्कूल से लेकर इंटर तक के टॉप टेन में अधिकांश स्थान ग्रामीण अंचल के बच्चों के हैं। इंटर टापर्स की सूची में कुछ स्कूलों का नाम तो पहली बार आया है।