शहर की एक बस्ती में एक युवक ने युवती को जबरन अपने घर पर रखने के लिए उसके घर से खींच लिया। विरोध करने पर उसकी मां व दो बहनों से मारपीट की गई। इससे वे घायल हो गई। मामले की प्राथमिकी आरोपी को नामजद करते हुए कोतवाली में दर्ज कराई है।
घर में युवती व उसकी मां खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला युवक बंटी घर में घुस आया। वह युवती को जबरन अपने घर में रखना चाहता है। कई बार वह इस तरह की धमकी दे चुका है। इसके चलते उसने घर में घुसकर युवती को बाहर खीच लिया और ले जाने लगा। युवती के पीछे उसकी मां व दो बहनें आ गई। वे युवक की हरकत का विरोध करने लगीं।
इस पर युवक ने तीनों की मारपीट कर दी। युवक ने परिवारीजनों को देख लेने की धमकी दी। इस बीच काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों ने जैसे तैसे युवती को युवक के चंगुल से बचाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई। पुलिस के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।