मथुरा। सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी सरकारी राशन की कालाबाजारी जनपद में रुकने का नाम नहीं ले रही है। बलदेव, मांट, नौहझील और राया ब्लॉक मुख्यालय स्थित सरकारी गोदाम राशन की कालाबाजारी का बड़ा केंद्र बने हैं। कोसीकलां में ग्रामीणों की शिकायत के बाद हाईवे पर सरकारी राशन गेहूं के 97 कट्टे पकडे़ गए हैं। दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बलदेव, राया, नौहझील और मांट ब्लॉक क्षेत्र में गोदामों से ही राशन की कालाबाजारी हो रही है। इसमें डीलर के साथ सरकारी गोदामों से जुडे़ अफसर, आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर और पर्यवेक्षण अधिकारियों की पूरी तरह से मिलीभगत है। इसी गठजोड़ की बदौलत कोसीकलां क्षेत्र में बाजार ले जाए जा रहे गेहूं के 97 कट्टे ट्रैक्टर में पकडे़ गए हैं। इसमें ट्रैक्टर चालक व स्वामी राजबहादुर निवासी नौगांव और बालमुकुंद उर्फ बालो सेठ निवासी सेनवां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।