सितंबर माह में एक खेत में लावारिस मिली नवजात के परिजनों का कोई सुराग नहीं मिला है। ऐसी स्थिति में बाल कल्याण समिति ने बालिका को गोद देने का फैसला लिया है।
बाल कल्याण समिति न्यायपीठ की अध्यक्ष आशादेवी राठौर एवं सदस्य डा. मोहम्मद मियां ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 सितंबर को नगला बंजारा गांव के बाहर खेत में नवजात को कोई छोड़ गया। ग्रामीणों ने जब नवजात को देखा तो उन्होंने उसे उठा लिया। थाना ढोलना पुलिस ने मामले की जानकारी बाल कल्याण समिति को दी। समिति की ओर से बालिका को राजकीय बाल गृह शिशु मथुरा भेज दिया गया। अभी तक नवजात का कोई परिजन नहीं मिला है। इस स्थिति में न्यायपीठ ने निर्णय लिया है कि बालिका को शीघ्र ही गोद देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।