मथुरा। जमुनापार के गांव तैयापुर में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फर्श पर पड़े शव को कब्जे में लिया। उसके गले पर रस्सी के निशान थे। मृतक के पिता ने बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ थाना जमुनापार में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बहू को हिरासत में ले लिया है।
थाना बरसाना के गांव जमालपुर निवासी पप्पू पुत्र राम सिंह मजदूरी करता था।
एक साल से वह अपने परिवार के साथ थाना जमुनापार के गांव तैयापुर में शीतल के मकान में किराए पर रह रहा था। सोमवार को उसकी मौत की खबर पर परिजन पहुंचे तो उसका शव फर्श पर पड़ा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने मृतक की पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया। पिता की तहरीर पर बहू मीना और गांव डहरुआ निवासी मुरारी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। परिजनों के अनुसार उसका विवाह 18 साल पहले गांव डहरुआ निवासी शिवचरन की बेटी मीना से हुआ था। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि पप्पू की गला घोंटकर हत्या की गई है।