फिरोजाबाद। सुहागनगर सबस्टेशन पर तैनात उपखंड अधिकारी प्रथम एसएन सिंह के साथ प्राइवेट वाहन के चालक ने फाइल उठाकर गाड़ी में रखने की कहने पर गाली गलौज व मारपीट कर दी, जिससे सबस्टेशन पर हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने एसडीओ का बमुश्किल बचाया।
एसडीओ एसएन सिंह सुहाग नगर सबस्टेशन से कार्य पूर्ण करने के बाद शाम करीब चार बजे इंडस्ट्रियल सबस्टेशन जाने के लिए निकले। प्राइवेट वाहन पर तैनात चालक संजीव यादव उर्फ भोला निवासी राजा का ताल से एसडीओ ने फाइल उठाकर गाड़ी में रखने को कहा तो उसने जाने से मना कर दिया।
एसडीओ द्वारा पुन: कहने पर वह भड़क गया। उसने फाइलें उठाकर फेंक दीं तथा अचानक गाली गलौज करने के साथ मारपीट करने लगा। चालक द्वारा मारपीट की घटना से वहां हड़कंप मच गया। सबस्टेशन पर तैनात एसएसओ राजेश यादव, केशियर मेराज अंसारी व लाइनमैन देवेंद्र सिंह ने बड़ी मुश्किल से एसडीओ को बचाया। चालक ने सबस्टेशन से बाहर निकल कर धमकी दी कि यदि एफआईआर दर्ज कराई तो जान से मार देंगे। एसडीओ द्वारा थाना दक्षिण में चालक संजीव यादव के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में तहरीर दी है।