आगरा। जिलाधिकारी गौरव दयाल ने अक्तूबर के अंत तक शत-प्रतिशत आधार लिंक न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी है। जिले में 16005 विकलांग पेंशन योजना, 36461 वृद्धावस्था पेंशन और निराश्रित महिला पेंशन योजना के 30985 लाभार्थी हैं।
इनमें क्रमश: 62.14, 70.67, 79.38 प्रतिशत लाभार्थियों के खाते से आधार लिंक हो पाए हैं। सरकारी मशीनरी की लापरवाही का नतीजा पेंशन धारकों को भुगतना पड़ रहा है, क्योंकि शासन की ओर से आधार लिंक न होने पर पेंशन पर रोक लगा दी गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी संजीव नयन मिश्र, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी गणेश प्रसाद, जिला प्रोबेशन अधिकारी को अक्तूबर तक आधार लिंक कराने के निर्देश दिए। हालांकि इस माह के तीन सप्ताह बीत चुके हैं और अभी तक 80 प्रतिशत आधार लिंक का काम पूरा नहीं हो पाया है।