एटा। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात फार्मासिस्ट की बाइक की डिग्गी में रखे साढ़े चार लाख रुपये चोर निकाल ले गए। वारदात की जानकारी होने पर पीड़ित ने चोरी की शिकायत कोतवाली नगर पुलिस को दर्ज करा दी है। इसके बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस जांच मेमं जूट गई है।
सोमवार को फार्मासिस्ट नरेश शाक्य एसबीआई बैंक से साढे़ चार लाख रुपये बेटे की पढ़ाई और घर खर्चे के लिए निकालकर लाए थे। जिन्हें बाइक की डिग्गी में रख कर वह अस्पताल आकर ड्यूटी करने लगे। उसी दौरान चोर उनकी बाइक की डिग्गी में रखी नगदी को लेकर फरार हो गया। इस मामले की जानकारी उस समय हुई जब वह घर जाने लगा।
डिग्गी से नगदी गायब देख नरेश के पैराें तले जमीन खिसक गई और उन्होंने आनन-फानन में मामले की जानकारी साथ के लोगों को दी। जिस पर लोगों ने इधर-उधर खोज करते हुए चोर का पता लगाने का प्रयास किया। सुराग न लगने पर उन्होंने मामले की सूचना कोतवाली नगर पुलिस को दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए लोगों से पूछताछ की।
रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पीड़ित ने कोतवाली नगर में तहरीर दे दी है। जिसे लेकर पुलिस अस्पताल में लगे खुफिया कैमरे आदि की सहायता से चोर का पता लगा रही है।