फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालयों में भले ही सभी विषयों की किताबें न पहुंचीं हों, लेकिन वेबसाइट पर हर किताब उपलब्ध रहेगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने सर्व शिक्षा अभियान के तहत विशेष योजना बनाई है।
कक्षा एक से आठ तक के सभी पाठ्य पुस्तकों का डिजिटलाइजेशन कर ई-बुक तैयार की गई हैं। जिसे कंप्यूटर या लैपटाप पर आसानी से पढ़ा जा सकेगा। विभाग का मानना है कि बच्चों के पास किताबें है, लेकिन शिक्षण कार्य के लिए अध्यापकों की तैयारी के लिए लाभकारी साबित होंगी।
सीबीएसई बोर्ड या अन्य अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की ज्यादातर पुस्तकें वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इसी तर्ज पर परिषदीय विद्यालयों के लिए खास व्यवस्था की गई है। अब परिषदीय विद्यालयों के सभी कक्षाओं की प्रचलित पाठ्य पुस्तकें वेबसाइट पर उपलब्ध होंगी।
बेसिक शिक्षा निदेशक के हवाले से संयुक्त निदेशक सर्व शिक्षा अभियान ने इस संबंध में बीएसए को पत्र भेजा है। निदेशक ने बताया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने ई-बुक की व्यवस्था की है। वैसे देखा जाए तो विद्यालयों में सभी किताबें नहीं पहुंची है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इससे बच्चों को ही नहीं अध्यापकों को लाभ मिलेगा और किसी किताब की जरूरत पड़ने पर परेशान नहीं होना पड़ेगा। किताब आसानी से वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।