एटा। पति के साथ शहर से दवा लेकर लौट रही महिला और उसके छह माह के मासूम की रोडवेज बस की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने एटा-टूंडला मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर एसडीएम और थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। तकरीबन ढाई घंटे जाम के बाद एसडीएम के समझाने पर लोग शांत हुए और जाम खोला।
फिरोजाबाद जिले के थाना एका खेरिया निवासी सहिमदार अपनी पत्नी बबली (27) और छह माह के बेटे अल्फाज के साथ बाइक से एटा से घर लौट रहे थे। थाना अवागढ़ क्षेत्र के वसुंधरा के समीप रोडवेज बस ने उनकी बाइक को अपनी जद में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दंपति और उनका बेटा सड़क पर गिर पड़ा। इधर, घटना के बाद चालक वाहन के साथ फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया जाता लेकिन इससे पहले ही बबली और अल्फाज की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एटा-टूंडला मार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि सूचना के बाद भी पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। सरकारी एंबुलेंस बुलाने के लिए लोगों ने नंबर डायल किया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। आक्रोशित लोगों ने बताया कि समय पर यदि एंबुलेंस पहुंच जाती तो शायद जानें बच सकती थी। इधर, जाम की सूचना पर थाना पुलिस और एसडीएम जलेसर मौके पर पहुंच गए। एसडीएम जलेसर के समझाने पर लोग शांत हुए और तकरीबन ढाई घंटे के बाद जाम खोला गया।