मैनपुरी। जनपद में संक्रामक रोगों के साथ ही डेंगू के मरीज भी मिलने लगे हैं। कोतवाली क्षेत्र के गांव चित्तरपुर के एक युवक में डेंगू के लक्षण मिले हैं। नगर के एक निजी चिकित्सक ने युवक में बीमारी के लक्षणों की पुष्टि की है। उधर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने ऐसी जानकारी होने से इंकार किया है।
जनपद में एक सप्ताह के अंदर डेंगू का दूसरा मरीज मिला है। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव चित्तरपुर निवासी श्याम सिंह के पुत्र नवीन कुमार (25) को नगर के आश्रम रोड निवासी एक निजी चिकित्सक के यहां बुखार होने पर उपचार चल रहा था। चिकित्सक द्वारा जांच कराने पर प्लेटलेट्स 53 हजार ही निकलीं। रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सक ने नवीन को डेंगू की पुष्टि की है। नवीन का निजी चिकित्सक के यहां ही उपचार चल रहा है।
रविवार को जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी का अवकाश होने के कारण इमरजेंसी में मरीजों को वायरल से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया।
डेंगू का पहला मरीज एक सप्ताह पहले ही दन्नाहार क्षेत्र के गांव सिरोलिया में मिला था। सिरोलिया निवासी नरेश चंद्र के 5 वर्षीय पुत्र विमल कुमार में डेंगू के लक्षण मिले थे। उसका अभी भी मिनी पीजीआई सैफई में इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ. अरविंद कुमार गुप्ता का कहना है कि अभी डेंगू के मरीज की कोई जानकारी नहीं मिली है। संबंधित चिकित्सक व पीड़ित के परिजनों से जानकारी जुटाई जाएगी। डेंगू के मरीजों को लेकर एक जनपदीय टीम का गठन कर दिया गया है। यह टीम मरीजों की जांच कर उनके उपचार की व्यवस्था कराएगी।