फिरोजाबाद। कोटला मोहल्ला में बुधवार को कब्रिस्तान के आसपास सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को पीएसी लगा कर अधिकारियों ने हटवा दिया। कई वर्षों से इस जमीन पर अतिक्रमण था और बवाल की आशंका से प्रशासन कई बार प्रयास करने के बाद भी जमीन को अतिक्रमण मुक्त नहीं करा पाया था।
जेड़ाझाल परियोजना के तहत कोटला में सरकारी जमीन पर ओवरहैड टैंक और सीडब्ल्यूआर का निर्माण चल रहा है। जुलाई 2016 में प्रशासन ने जमीन से अतिक्रमण हटवाकर जमीन जलनिगम को हैंडओवर कर दी। इस पर क्षेत्रीय लोगों ने कब्रिस्तान की जमीन बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध शुरू कर दिया। जल निगम ने कई बार कार्य प्रारंभ की कोशिश की लेकिन विरोध के चलते कार्य नहीं हो सका। जलनिगम एक्सईएन राकेश कुमार ने डीएम, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट के संज्ञान में मामले लाते हुए कार्य प्रारंभ कराने को कहा।
डीएम नेहा शर्मा के निर्देश पर बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद यादव, एसडीएम सदर अंबरीश कुमार, एसपी सिटी राजेश कुमार सिंह, सीओ सिटी डा. अरुण कुमार, थाना दक्षिण प्रभारी देवेंद्र शंकर पांडे फोर्स व पीएसी के साथ कोटला मोहल्ला पहुंचे। वहां कुछ लोगोें ने कार्य का विरोध किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने जमीन के कागजात के हिसाब से कब्रिस्तान की जगह की बाउंड्रीवाल कराने का आश्वासन दिया।
करीब तीन घंटे में अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके उपरांत जमीन की पैमाइश कराकर दो जेसीबी द्वारा नींव खोदने का कार्य शुरू करा दिया। संवेदनशील मामला होने के कारण अफसर दोपहर तक वहां डेरा जमाए रहे।
शीतला प्रसाद यादव, सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि कब्रिस्तान कमेटी के संरक्षक की मौजूदगी में बिना किसी विरोध और रुकवाट के जमीन की पैमाइश करा दी गई है। सभी पक्ष पूरी तरह संतुष्ट हैं। जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा था, उसे भी लोगों ने स्वयं हटा लिया है। उक्त जमीन पर जल्द पेयजल टंकी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।