मथुरा। गोवर्धन परिक्रमा मार्ग क्षेत्र को लेकर राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने पूर्व में दिए दिशा-निर्देशों के तहत काम पूरा करने को कहा है। इस संबंध में 17 अगस्त को शपथ पत्र दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
मंगलवार को एनजीटी में गोवर्धन पर्वतीय क्षेत्र को लेकर सुनवाई हुई। इसमें डीएम अरविंद मलप्पा बंगारी, डीएफओ मनीष प्रताप, एडीएम वित्त रवींद्र कुमार सहित एसडीएम और तहसीलदार गोवर्धन सहित दर्जन भर विभागों के अफसर पहुंचे।
एनजीटी ने कहा कि पूर्व में किए गए सर्वे के मुताबिक जो स्थिति सामने आई थी, उन 19 बिंदुओं पर कार्य पूर्ण किया जाए। इसमें गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र की ओर निर्माण हटाने, वन क्षेत्र की जमीन को कब्जामुक्त करना भी शामिल है।
सुनवाई की अगली तिथि 17 अगस्त निर्धारित करते हुए सम्बन्धित बिंदुओं का अनुपालन होने का शपथ पत्र दाखिल करने को कहा है।