ट्रांसफार्मर सही करते बिजली कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एका (फिरोजाबाद)। ट्रांसफार्मर फुंकते ही हाईटेंशन लाइन का करंट घरों को जाने वाली केबलों में दौड़ने लगा। इसके चलते एक युवक की मौत हो गई। वहीं, लोगों के कूलर, पंखा और फ्रीज के साथ अन्य बिजली का सामान भी फुंक गया। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
एका के एटा चौराहे पर लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया। इससे पूर्व हाईटेंशन लाइन का करंट मकान और दुकानों में जाने वाली केबलों में दौड़ने लगा। इसी बीच थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर निवासी भारत सिंह को करंट लग गया। इससे वह बेहोश होकर गिर गया।
भारत सिंह को ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एका लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसको जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल लाते समय युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के अधिकारियाें और कर्मचारियों में काफी आक्रोश है।