अंबेडकरनगर में सोमवार को सघन पौधरोपण अभियान के लिए आए पौधे।
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी। शासन द्वारा इस वर्ष बरसात के मौसम में 3.3 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य दिया गया है, जिसमें से करीब 2.70 लाख पौधे विभिन्न स्थानों पर लगाए जा चुके हैं। जबकि पिछले वर्ष का लक्ष्य 7.69 लाख था। पूर्व में लगाए गए पौधों के संरक्षण का प्रतिशत भी वन विभाग द्वारा 95 प्रतिशत बताया गया है।
वर्ष 2016 में बरसात के तीन माह में वन विभाग को 7.69 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य दिया गया था। विभिन्न स्थानों पर निर्धारित समय सीमा में करीब 8.49 लाख पौधे लगाते हुए वन विभाग लक्ष्य से आगे निकल गया था। वहीं इस बार 3.3 लाख पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सभी पौधे लगाए जाने का कार्य जुलाई से सितंबर माह के अंत तक पूरा किया जाना है।
प्रभारी निदेशक सामाजिक वानिकी सिद्धार्थ ने बताया कि 2.70 लाख पौधे लगाए जाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। बाकी पौधे लगाए जाने का कार्य समय रहते पूरा कर लिया जाएगा। 19 स्थानों पर पौधरोपण किया गया है। सड़क किनारे चौडे़ छायादार नीम, अर्जुन, जामुन, शीशम आदि के पौधे लगाए जा रहे हैं। हाईवे पर सुंदरता बढ़ाने के लिए चितवन आदि पौधे लगाए गए हैं। बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में घिरोर के गांव बादशाहपुर में पांच हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 10 हजार पौधे भी इस बार लगाए गए हैं। यह कार्य एक जुलाई से 10 जुलाई के बीच किया गया है।
वन चेतना केंद्र में बनेगा स्मृति उपवन
कलक्ट्रेट स्थित वन चेतना केंद्र में अब हरियाली फिर से लौटेगी। वन विभाग द्वारा अब 0.5 हेक्टेयर क्षेत्रफल में स्मृति वाटिका बनाई जाएगी, जिसमें कोई भी स्मृति स्वरूप पौधे लगाकर पट्टिका लगा सकता है। संरक्षण व पौधे वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। जल्द ही उपवन बनाए जाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।