टैंटीगांव(मथुरा)। नगला जयसिंह एवं गांव ब्यौंही के मध्य कुएं में शनिवार को युवक का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के ग्रामीण भी एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची सुरीर पुलिस ने कंकाल को कुएं निकलवाया। कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान नगला जयसिंह के युवक बेताब के रुप में हुई। युवक 13 मई से लापता था।
पुलिस की माने तो गांव ब्यौंही निवासी गंगाराम के घर में मूलों में एक बच्चा पैदा हुआ है। परंपरा के अनुसार गंगाराम ग्रामीणों के साथ पूजा के लिए कुएं का जल लेने गए तो उन्हें कुएं से सड़ी बदबू आती महसूस हुई। शव की आशंका से इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। यह खबर आसपास के गांवों में पहुंची तो कुएं के पास भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कुआं दिखवाया और ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में पड़े एक कंकाल को बाहर निकाला।
कोतवाली प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि कंकाल पर मिले कपड़ों से उसके परिवार ने नगला जयसिंह निवासी बेताब (22) पुत्र आचारी के रूप में शिनाख्त की है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि 13 मई से युवक लापता था। माना जा रहा है कि युवक की कुएं में गिरने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।
पहले दिन पी चाय, दूसरे दिन मृत मिला
शनिवार को हाईवे के इंड्रस्टियल एरिया में शव मिलने से सनसनी फैल गई। रिफाइनरी थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके शरीर नीले रंग की पैंट और आसमानी रंग की शर्ट थी। उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आसपास फोटो दिखाकर मृतक की जानकारी जुटाई तो पता चला कि शुक्रवार की सवेरे चाय पीकर गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण ज्ञात हो सकेगा।