फिरोजाबाद। ककरऊ कोठी चौराहे के समीप प्राइवेट बस चालकों ने आटो सवार लोगों से अभद्रता कर दी। आटो में सवार महिलाओं ने विरोध किया तो महिलाओं को बाईपास पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। पथराव कर वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर हमलावर भाग खड़े हुए। घायलों का मेडिकल कराया गया है।
उत्तर थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पजाबा निवासी विजेंद्र परिवार के साथ रिश्ते के छोटे भाई के बच्चों का मुंडन कराने जलेसर आटो से जा रहे थे। खुद का आटो होने के कारण उसे विजेंद्र चला रहे थे। ककरऊ कोठी के समीप बस चालकों ने ऑटो रोक लिया और आटो में बैठी विजेंद्र की पत्नी और परिवार की महिलाओं को नीचे उतारने के लिए कहा। इस पर विजेंद्र ने कहा कि आटो में उसके परिवार की महिलाएं है। इस पर बस चालकों ने विजेंद्र को पीट दिया।
विजेंद्र को पुत्र गोलू और पत्नी आशादेवी ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। परिवार की अन्य महिलाओं ने विरोध किया तो आरोपियों ने महिलाओं को भी पीटा और आटो का शीश तोड़ दिया। तभी विजेंद्र पक्ष के लोगों ने बस पर पथराव कर बस के शीशे तोड़ दिए। बाईपास मार्ग पर हंगामा होता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग गए। घायलों का मेडिकल कराया गया है। कोतवाल उत्तर का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से यदि तहरीर आती है तो बस चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।