मैनपुरी। नगर निकायों की वसूली की खराब स्थिति पर नगर पालिका के ललित मोहन सक्सेना, परमेंद्र कुमार, अनिल कुमार मिश्र, नगर पंचायत कुरावली के सर्वेश कुमार, संतोष कुमार, राहुल का वेतन रोकने, अनुपस्थित अधिशासी अधिकारी बेवर राकेश सक्सेना से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश डीएम यशवंत राव ने दिए हैं।
कलक्ट्रेट सभाकक्ष में कर करेत्तर की समीक्षा बैठक में डीएम ने चेयरमैन बेवर को बिना अनुमति के अधिशासी अधिकारी का वेतन आहरित न करने, व्यापार कर की वसूली की प्रगति खराब होने पर आयुक्त व्यापार कर को पत्र लिखने, एआरटीओ की तैनाती हेतु आयुक्त परिवहन को पत्र लिखने, विद्युत चोरी रोकने में असफल अवर अभियंता, लाइनमैन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
व्यापार कर की वसूली 15 मई के बाद 8.3 प्रतिशत घटी है। आयुक्त व्यापार कर को कार्रवाई हेतु पत्र लिखा जाएगा। सबसे ज्यादा लाइन लास वाले क्षेत्र की सूची बनाकर अवर अभियंता, लाइनमैन के नाम सहित उपलब्ध कराने के निर्देश अधिशासी अभियंता विद्युत को दिए। सबसे खराब वसूली वाले तीन तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। निर्धारित लक्ष्य से कम वसूली करने वालों का वेतन किसी भी दशा में आहरित न किया जाए।
15 जून तक वसूली की प्रगति न सुधरी तो अधिशासी अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। राजस्व अधिकारी रामचंद्र, अधिशासी अभियंता विद्युत एके पाडेय, एआईजी स्टाम्प आरएन राम, अधिशासी अधिकारी रामपाल, सीमा तोमर, कल्पना बाजपेयी, रागिनी वर्मा, सीआरए मुनीम सिंह, मनोरंजन कर निरीक्षक इंद्रजीत आदि मौजूद थे।