मैनपुरी। बेवर के गांव जासमई निवासी एक युवक के खाते में रुपये भेजने की बात कहते हुए साइबर ठग ने एक लिंक भेजा। लिंक को खोलते ही युवक के खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। मैसेज आने के बाद जानकारी हुई तो युवक ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजा।
थाना बेवर क्षेत्र के गांव जासमई निवासी अजीत सिंह ने कुछ दिन पहले मंडी में कुछ माल बेचा था। आढ़ती द्वारा उसे 20 हजार रुपये दिए जाने थे। मंगलवार की सुबह अजीत के मोबाइल पर किसी व्यक्ति ने फोन किया और कहा कि वह 20 हजार रुपये उनके खाते में भेज रहा है। इसके बाद फोन करने वाले ने एक लिंक भेजा।
जैसे ही अजीत ने उसे खोला और अपना गोपनीय पिन नंबर डाला तो उसके खाते से 20 हजार रुपये कट गए। उसके मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आया तो उसके होश उड़ गए। तुरंत ही एसपी कार्यालय पहुंच कर उसके प्रार्थनापत्र देकर रुपये वापस कराने व ठग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।