ढोलना क्षेत्र में लाल स्पॉट चिन्हित करते एआरटीओ राम प्रकाश मिश्र, टीएसआई व अन्य ।
कासगंज। सड़क हादसे रोकने के लिए एआरटीओ, यातायात पुलिस और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को ऐसे रेड स्पॉट चिह्नित किए जहां एक वर्ष में दो या अधिक हादसे हुए। इन स्थानों पर संकेतक लगाए जाएंगे। टीम अपनी रिपोर्ट सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम को सौंपेगी। डीएम मेधा रूपम ने सड़क सुरक्षा समिति की पिछली बैठक में सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को एक साल में दो या अधिक हादसे होने वाले स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए थे। बुधवार को एआरटीओ आरपी मिश्र, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह और लोक निर्माण विभाग के जेई भगवान सिंह ने संयुक्त रूप से ऐसे स्थान देखे जहां वर्ष 2024 से अब तक दो या उससे अधिक हादसे हुए हैं। इन स्थानों को रेड स्पॉट के रूप चिह्नित किया गया है। टीम ने कुल 20 रेड स्पॉट चयनित किए हैं। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में टीम अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करेगी। डीएम के निर्देश पर इन रेड स्पॉट पर हादसों में कमी लाने के लिए ब्रेकर बनाए जाएंगे। साथ ही संकेतक लगाए जाएंगे।