आईएसबीटी पर खड़ी अटल बस सेवा की बसें
आगरा। अटल बस सेवा की 38 इलेक्ट्रिक बसों में से 18 बसें रजिस्ट्रेशन न होने के कारण अब तक सड़कों पर नहीं उतर सकी हैं। केवल 20 बसों का ही संचालन हो रहा है। इसके चलते ज्यादा भीड़ होने पर यात्रियों को सीट भी नहीं मिल पा रही है।
फरवरी 2025 में शासन से आगरा को 38 इलेक्ट्रिक बसें मिली थीं। इन बसों का उद्देश्य 100 से 200 किलोमीटर के दायरे में सुगम और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना था। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी न होने के कारण 18 बसें आईएसबीटी परिसर में धूल फांक रही है। अन्य बसें नोएडा, दिल्ली, सहारनपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, बरसाना और मथुरा मार्ग पर चल रही हैं। पहले संचालन में देरी का एक कारण चार्जिंग स्टेशनों का तैयार न होना बताया गया। फाउंड्री नगर टेढ़ी बगिया में केवल एक चार्जिंग पॉइंट था, जिससे बसों की चार्जिंग प्रभावित होती थी। अब आईएसबीटी पर आठ चार्जिंग पॉइंट तैयार किए जा चुके हैं।
क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि बसों का संचालन 200 किलोमीटर के दायरे में बदायूं, फर्रुखाबाद, नोएडा, बुलंदशहर और बरसाना मार्गों पर किया जा रहा है। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है और जल्द ही सभी बसों को चरणबद्ध तरीके से संचालित किए जाएगा।