कासगंज। कोरोना के आंकड़ों में रविवार को गिरावट दर्ज की गई। इसके कारण स्वास्थ्य विभाग ने कुछ राहत महसूस की। बैंक कर्मी सहित 20 नए संक्रमित सामने आए। इसके बाद संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 478 पर पहुंच गया। विभाग ने इन सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को प्रयोगशाला से आरटीपीसीआर जांच की जो रिपोर्ट प्राप्त हुई उसमें 16 लोग संक्रमित निकले। जबकि एंटीजन से की गई 583 जांच में चार लोग कोरोना संक्रमित निकले। इन संक्रमितों में 2 बच्चे, 11, युवा, 2 सीनियर सिटीजन एवं 5 व्यक्ति 40 साल से ऊपर की आयु के हैं। इन संक्रमितों में 1 एडीवी बैंक कर्मी के अलावा शहर की आवास विकास कॉलोनी, सहावर के थाना रोड, मोहल्ला मंसूर, मोहल्ला मोरी, नगला रते, मुजफ्फर नगर, सुदामापुरी गंजडुंडवारा आदि क्षेत्रों में लोग संक्रमित निकले हैं। संक्रमितों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई। विभाग की टीमों ने संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेट करने के बाद दवा की किट प्रदान की गई है। सभी लोग सावधानी बरतें। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। टीकाकरण अवश्य कराएं।