बरसाना (मथुरा)। रविवार की देर रात को शादी समारोह से लौट रहे युवक की मौत पर हंगामा हो गया। युवक के परिवार वालों का कहना है कि पुलिस की पीआरवी वैन ने टक्कर मार दी थी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों के आरोपों की जांच कराई जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने पीआरवी वैन के फोटो भी दिखाए हैं।
बरसाना थाना क्षेत्र के गांव हाथिया निवासी अहसानी का बेटा साकिर (26) राजस्थान के कामां में मामा की लड़की की शादी में गया था। रविवार की देर रात को बाइक से वह वापस लौट रहा था। रात को करीब साढ़े ग्यारह बजे पुलिस ने साकिर के परिवार वालों को सूचना दी कि उनके बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई है।
साकिर के भाई शौकीन ने बताया कि रात को साकिर को बरसाना के पास 100 नंबर की गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोका था, यह बात स्वयं साकिर ने फोन कर उन्हें बताई थी। शौकीन के अनुसार साकिर गांव के ही एक युवक की बाइक लेकर शादी में गया था। जब कागजात मांगे तो साकिर ने उस युवक से भी फोन पर पुलिस वालों की बात कराई थी जिसकी बाइक वह लेकर गया था।
कुछ देर बाद ही पता चला कि साकिर की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक की मौत के बाद ग्रामीण सड़क आ गए और हंगामा शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि पुलिस की पीआरवी वैन ने बाइक को टक्कर मारी है। मृतक के पिता अहसानी ने बताया कि 100 नंबर की गाड़ी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घेरकर उनके पुत्र की मोटरसाइकिल में टक्कर मारी और शव को ले गए। हंगामा बढ़ने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत किया।
पुुलिस पीआरवी 1929 गाड़ी पर दिखे निशान
मृतक के भाई आशू का कहना है कि बरसाना में पुलिस की 100 नंबर गाड़ी ने साकिर को रोककर पूछताछ की। इसके बाद उसकी बाइक का पीछा किया है। टक्कर मारने के बाद गाड़ी लेकर चले गए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस की पीआरवी 1929 पर दुर्घटना के बाद गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के निशान भी देखे। लोगों का कहना है कि युवक का शव सड़क पर नहीं बल्कि सड़क से अंदर कच्चे रास्ते में पड़ा मिला, जबकि कच्चे रास्ते पर टायरों के निशान भी मिले हैं।