मथुरा। राजस्थान में शुक्रवार को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मतदान को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद की सीमाएं सील कर दी हैं। जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वाहनों को कड़ी चेकिंग के बाद राजस्थान की ओर जाने दिया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान की सीमा पर स्थिति मथुरा जनपद के उन सभी रास्तों को गुरुवार को सील कर दिया गया, जहां से राजस्थान के भरतपुर जनपद के लिए आवागमन होता है। इन रास्तों में प्रमुख रूप से मथुरा-भरतपुर मार्ग, ओल-अछनेरा मार्ग, फरह अछनेरा मार्ग, कोसीकलां-कांमा मार्ग, सौंख-ओल सांतुरक मार्ग, सौंख-कुम्हेर मार्ग पर दोनों जनपदों की सीमाओं को सील कर दिया गया है।
सीमा पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। मतदान शुक्रवार को होना है, लेकिन वाहनों की चेकिंग गुरुवार को ही शुरू कर दी। मतदान के दौरान इन क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट की ड्यूटी भी लगाई गई है। निरंतर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा भरतपुर से सटे मथुरा जनपद की सीमा में तीन किलोमीटर तक शराब की दुकान भी बंद कर दी गई हैं। शुक्रवार को भी सीमा क्षेत्र स्थित शराब की दुकानें नहीं खोली जाएगी। जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र ने बताया कि आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी।