मथुरा। शुक्रवार को हाईवे के गांव तंतूरा में प्राथमिक विद्यालय के पास बाइक सवार नकाबपोश दो लुटेरों ने दूध लेने आ रही महिला के गले से चेन तोड़ ली। शोर मचाने पर एकत्रित हुए ग्रामीणों को देख बदमाश तमंचा दिखाकर भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची हाईवे पुलिस ने बाइक सवारों की तलाश की, पर नाकामी हाथ लगी।
थाना हाईवे की आनंदवन कालोनी निवासी कमलेश पत्नी गजेंद्र रोज की तरह दूध लेने गांव तंतूरा के लिए निकली थीं। गांव तंतूरा के प्राथमिक विद्यालय के पास महिला पहुंची ही थीं कि पीछे से आए बाइक सवारों ने झपट्टा मारकर उनकी दो तोले की चेन तोड़ ली।
शोर मचाने पर लोगों ने लुटेरों का पीछा किया तो लुटेरे ग्रामीणों को तमंचा दिखा कर भाग निकले। सीओ रिफाइनरी राकेश कुमार और हाईवे पुलिस ने मौके पर बाइक सवारों की तलाश की पर, पुलिस के हाथ खाली रहे। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।