मथुरा। सावन के पहले सोमवार को शहर के शिवालय बम-भोले के जयघोषों से गूंज उठे। भोर होते ही शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ जलाभिषेक करने को उमड़ पड़ी। कांवड़ियों ने दूर-दराज से लाए गए गंगा जल से शिवजी का अभिषेक किया। शाम को मंदिरों में सजाए गए फूलबंगलों की एक झलक पाने को भक्त लालायित दिखे। भीड़ के दबाव के कारण मंदिरों के बाहर तैनात पुलिसकर्मी भी मशक्कत करते रहे।
शहर के भूतेश्वर, रंगेश्वर, गर्तेश्वर, गोकर्णनाथ, पीपलेश्वर, नीलकंठ, महावन के चिंताहरण, गोवर्धन के चक्लेश्वर, नंदगांव के आसेश्वर व नंदीश्वर, वृंदावन के गोपेश्वर आदि शिव मंदिरों पर सोमवार को भारी संख्या में भक्त दुग्धाभिषेक करने उमड़े। भक्तों ने बेल पत्र, धतूरे, फल-फूल आदि से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
अत्यधिक भीड़ के कारण लोगों को घंटों तक अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ा। लोगों ने पूरे दिन व्रत रखकर मनौती मांगी। इस दौरान मंदिरों के बाहर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैनात किए गए पुलिसकर्मी भी मशक्कत करते देखे गए। शाम को मंदिरों में भव्य फूलबंगले व भजन संध्या का आयोजन किया गया। देर रात्रि तक शिवालयों में दर्शन के लिए भीड़ रही।
बनी रही जाम की स्थिति
सोमवार को भूतेश्वर तिराहे से गोवर्धन चौराहे तक जाम की स्थिति बनी रही। भूतेश्वर व बिजली घर तिराहे पर पुलिसकर्मी ट्रैफिक कंट्रोल करने में जुटे रहे। वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। एक-एक तरफ से रोककर ट्रैफिक को निकाला गया। हालांकि दोपहर बाद मंदिर में भीड़ कम होने के कारण हालात सुधर गए।