एटा। थाना जसरथपुर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी हैं। इसकी बाजारू कीमत तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब का कारोबार करने वाले से दूसरे की लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने पत्रकारों का बताया है कि थाना जसरथपुर के प्रभारी संजय कुमार तिवारी को सूचना मिली कि नगला परम गांव के पास मक्के के खेत में शराब तस्करों से भारी संख्या में अवैध शराब छिपा कर रखी है। पुलिस पार्टी ने चारों ओर से खेत को घेर कर तलाशी शुरू कर दी। तलाशी के दौरान संजू उर्फ राजीव पुत्र इंस्पेक्टर सिंह निवासी नगला परम को लाइसेंसी राइफल व दो जिंदा कारतूस सहित पकड़ लिया। पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू की तो उसे राइफल का लाइसेंस इकबाल खां पुत्र रज्जाक खां निवासी नदराला थाना अलीगंज के नाम बताया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर ही मक्का के खेत से 88 पेटी क्रेजी रोमियो व्हिस्की तथा 14 पेटी रेस व्हिस्की की अवैध शराब बरामद की। पकड़ी गई शराब की बाजारू कीमत तीन लाख रुपये बताई जा रही है। शराब हिमाचल प्रदेश की है। अंतर्राज्यीय शराब से माफियाओं के तार जुड़े होने से पुलिस अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। एएसपी संजय कुमार ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में देने की घोषणा की है।